वीर शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि: नाला प्रखंड कांग्रेस कार्यालय में मौन व्रत व संकल्प सभा आयोजित
राष्ट्र संवाद सं
नाला (जामताड़ा): नाला प्रखंड कांग्रेस कार्यालय में आज झारखंड आंदोलन के पुरोधा एवं दिशोम गुरु वीर शिबू सोरेन के आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन व्रत धारण किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में वक्ताओं ने शिबू सोरेन के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए किए गए संघर्ष को याद करते हुए उन्हें जनआंदोलन का प्रतीक बताया।
सभा को संबोधित करते हुए नाला प्रखंड के उप-प्रमुख समर माजी ने कहा कि वीर शिबू सोरेन ने आदिवासी समाज के हक और अधिकार की लड़ाई को नई दिशा दी। उनका जीवन संघर्ष, त्याग और बलिदान का प्रतीक है, जिससे हम सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। कांग्रेस नेता पंकज झा ने कहा कि शिबू सोरेन सिर्फ एक राजनेता नहीं, बल्कि जन-जन के नेता थे। उन्होंने शोषित, वंचित और आदिवासी समुदाय के लिए जो लड़ाई लड़ी, वह आज भी प्रासंगिक है।
गुलशन अली सहित अन्य नेताओं ने भी उनके बताए मार्ग पर चलने की प्रतिबद्धता जताई और कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके सिद्धांतों को आगे बढ़ाने के लिए कृतसंकल्प है। सभा में निर्णय लिया गया कि स्थानीय स्तर पर जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि उनकी विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने दिशोम गुरु के सपनों के झारखंड के निर्माण हेतु एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। सभा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद थे।

