मौनी अमावस्या पर शंकराचार्य के अपमान की घटना की घोर निंदा, राष्ट्रपति को भेजा गया माँग पत्र
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर शंकराचार्य जी महाराज के साथ हुई कथित अपमानजनक घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने इसे सनातन धर्म और हिंदू संत परंपरा के विरुद्ध सुनियोजित षड्यंत्र बताया।
आनंद बिहारी दुबे ने कहा कि मौनी अमावस्या शांति, भक्ति और संयम का पर्व है, लेकिन इस दिन जगत गुरु शंकराचार्य का अपमान पूरे समाज की धार्मिक भावनाओं पर आघात है। कांग्रेस इस कृत्य को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी और दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए आंदोलन से भी पीछे नहीं हटेगी।
उन्होंने उपायुक्त के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति एवं गृह मंत्री को माँग पत्र भेजते हुए घटना की निष्पक्ष जाँच के लिए जाँच समिति गठन, जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों की भूमिका की समीक्षा, दोषियों को कठोर दंड तथा शंकराचार्य जी की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करने की माँग की है।
दुबे ने सनातन धर्मावलंबियों और विवेकशील नागरिकों से अपील की कि इस कथित षड्यंत्र के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सनातन संस्कृति और भारतीय परंपराओं की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी।
माँग पत्र सौंपने वालों में चन्द्रभान सिंह, सामंतों कुमार, रियाजुद्दीन खान, अरुण सिंह, उदय सिंह, मनोज सिंह, सुशील घोष, नंदलाल सिंह, धीरज कुमार, निखिल तिवारी, त्रिनाथ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल थे।

