13–14 जनवरी को होने वाले दोमुहानी संगम महोत्सव–2026 की संचालन समिति की बैठक संपन्न
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आगामी 13 व 14 जनवरी को हिन्दू उत्सव समिति एवं उम्मीद एक अभियान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले दोमुहानी संगम महोत्सव–2026 के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर संचालन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक परिसदन (सर्किट हाउस) के कॉन्फ्रेंस हॉल में संपन्न हुई। बैठक का उद्देश्य महोत्सव को भव्य, प्रभावशाली और व्यापक जनसहभागिता के साथ आयोजित करने की रणनीति तैयार करना था।
बैठक में महोत्सव की रूपरेखा, कार्यक्रमों का क्रम, वित्तीय व्यवस्था, आमंत्रित विशिष्ट अतिथियों तथा सम्मानित की जाने वाली सामाजिक, सांस्कृतिक व पर्यावरणीय संस्थाओं की सूची पर विस्तृत चर्चा हुई। आयोजन को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर संयोजक व सह-संयोजकों की जिम्मेदारियां तय की गईं।
इसके साथ ही प्रचार-प्रसार, मीडिया समन्वय, स्वयंसेवकों की भूमिका और स्थानीय सहभागिता को सशक्त बनाने पर भी विचार किया गया। सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि महोत्सव को आस्था, पर्यावरण, संस्कृति और पर्यटन के संगम के रूप में नई ऊंचाई दी जाएगी।
बैठक का संयुक्त संचालन हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष रवि प्रकाश सिंह एवं उम्मीद एक अभियान के अध्यक्ष सुखदेव सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अमरनाथ ने किया। बैठक में मनोज सिंह, डॉ. राजीव कुमार, शिवशंकर सिंह, जम्बू वाले बाबा,धर्मेंद्र सोनकर, कविता परमार, कन्हैया सिंह, शंकर रेड्डी, गोपाल जायसवाल, शिवप्रकाश शर्मा, मृत्युंजय सिंह, अजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में समिति सदस्य उपस्थित रहे। आगे समिति के विस्तार पर भी सहमति बनी।

