प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पूर्वी सिंहभूम भाजपा संगठन की समीक्षा की, बूथ सशक्तीकरण पर दिया जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रदेश कार्यालय में पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार और जिला अध्यक्ष सत्या तिवारी से मुलाकात कर जिले की संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान मंडलवार गतिविधियों, संगठन विस्तार, बूथ सशक्तीकरण, आगामी कार्यक्रमों और विभिन्न अभियानों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई।
आदित्य साहू ने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार मंडल और बूथ स्तर के सक्रिय कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सतत संवाद बनाए रखते हुए पार्टी के कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठनात्मक गतिविधियों को और गति देने का निर्देश दिया। वहीं दिनेश कुमार ने जिले में चल रहे संगठनात्मक कार्यों एवं आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी, जबकि सत्या तिवारी ने मंडलों की गतिविधियों और संगठन विस्तार की प्रगति से प्रदेश अध्यक्ष को अवगत कराया। बैठक सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई और पूर्वी सिंहभूम में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया गया।

