जमशेदपुर कोर्ट के पास युवक के अपहरण मामले का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त थार जब्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना पुलिस ने जमशेदपुर कोर्ट के पास से युवक के अपहरण मामले का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी (JH05DA-4721) भी जब्त कर ली है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
सिटी SP ललित मीणा ने बताया कि प्लानिंग15 जुलाई को सूचना मिली थी कि छायानगर निवासी सुशील डे (पिता- राजेश डे) का जमशेदपुर कोर्ट परिसर के पास से अपहरण कर लिया गया है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और सीतारामडेरा थाना में दैनिकी दर्ज कर थाना प्रभारी आनंद मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां स्थानीय लोगों ने घटना की पुष्टि की। इसके बाद थाना प्रभारी के फर्दबयान पर सीतारामडेरा थाना कांड संख्या 74/26 दर्ज कर त्वरित जांच और छापेमारी शुरू की गई।
तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसी दिन अपहृत सुशील डे को सकुशल बरामद कर लिया। मामले की आगे की जांच में शनिवार 18 जुलाई को प्राथमिकी अभियुक्त मोनी मोहंती उर्फ चितरंजन मोहंती और कृष्णा यादव उर्फ दबंग को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
गिरफ्तार कृष्णा यादव सोनारी थाना क्षेत्र के आदर्श नगर, ग्वाला बस्ती का निवासी है, जबकि मोनी मोहंती गोलमुरी थाना क्षेत्र की सिंधी रिफ्यूजी कॉलोनी का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार मोनी मोहंती के खिलाफ पूर्व में भी गोलमुरी थाना में धोखाधड़ी, जालसाजी सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है।

