जादूगोड़ा में 452 ग्राम गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल जब्त
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जादूगोड़ा थाना क्षेत्र से एक व्यक्ति को 452 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से गांजा के अलावा एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
ग्रामीण एसपी शुभम ने बताया कि 15 जुलाई की शाम करीब गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम स्वासपुर के पास पुराना राखा माइंस की ओर से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर घूम-घूमकर चोरी-छिपे अवैध रूप से गांजा की खरीद-बिक्री और परिवहन कर रहा है। सूचना के आधार पर सनहा दर्ज कर इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन में मुसाबनी के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने स्वासपुर निवासी नागेन भकत (45 वर्ष), पिता सुभाष भकत को संदिग्ध अवस्था में मोटरसाइकिल संख्या JH05DK-6337 पर पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद काले प्लास्टिक के बैग से करीब 452 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 452 ग्राम गांजा, वीवो कंपनी का एक स्मार्टफोन तथा काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लाता था और किन लोगों को इसकी सप्लाई करता था।

