लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: मानगो नगर निगम के सर्वांगीण विकास एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर मेयर सुधा गुप्ता एवं पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन से शिष्टाचार मुलाकात की। बैठक में मानगो को सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक शहरी क्षेत्र बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।
सुरक्षित मानगो अभियान
बैठक में “सुरक्षित मानगो अभियान” के तहत विभिन्न चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे और आधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम लगाने पर सहमति बनी। साथ ही मानगो चौक से डिमना चौक तक मुख्य सड़कों पर नाली निर्माण एवं नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई, ताकि जलजमाव की समस्या दूर हो सके।
ग्रीन मानगो पहल
“ग्रीन मानगो” पहल के तहत पृथ्वी पार्क और नेचर पार्क के सौंदर्यीकरण तथा ओपन जिम निर्माण में टाटा स्टील सहयोग करेगा। इसके अलावा डिमना चौक के आगे प्रस्तावित वेंडर जोन निर्माण में भी सहयोग देने पर सहमति बनी, जिससे छोटे दुकानदारों को व्यवस्थित स्थान मिल सकेगा और ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी।
बैठक में एमजीएम अस्पताल के समीप खाली भूमि पर पार्क निर्माण एवं सौंदर्यीकरण, मानगो छोटा पुल की मरम्मत, एमजीएम चौक से गोकुल नगर और डिमना के तटीय क्षेत्रों में सेंट्रल बर्ज, सड़क-नाली निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्यों को लेकर भी सहमति बनी।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से टाटा स्टील फाउंडेशन के सहयोग से रोजगार उन्मुख कार्ययोजना तैयार करने पर भी चर्चा हुई। वहीं कांग्रेस कार्यालय निर्माण में आ रही तकनीकी बाधाओं को दूर करने पर भी सहमति बनी।
मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि टाटा स्टील का सहयोग मानगो को व्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने इसे मानगो के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अवसर पर टाटा स्टील के वीपी सीएस डी बी सुंदररामम समेत अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

