पेनाल्टी शूटआउट में सिंहभूम शेर बना चैंपियन
*32 टीमों की भिड़ंत में टीचर्स इलेवन मंझारी उपविजेता, सांसद जोबा माझी ने किया पुरस्कार वितरण*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चक्रधरपुर
संविधान दिवस पर झारखंड बंधु जलधर में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का गुरुवार को समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में सिंहभूम शेर ने टीचर्स इलेवन मंझारी को पेनाल्टी शूटआउट में हराकर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया।
फाइनल में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। निर्धारित समय तक स्कोर 1-1 पर बराबरी रहने पर पेनाल्टी शूटआउट में सिंहभूम शेर विजयी रहा। विजेता टीम को 70 हजार और उपविजेता को 50 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि सिंहभूम सांसद जोबा माझी ने कहा कि खेल अनुशासन, एकता, संघर्ष और टीम भावना का प्रतीक है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ खेलों में भाग लेने और नशे से दूर रहने की अपील की।
मध्यांतर में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहा। हो फिल्म अभिनेत्री दीपिका देवगम, चौधरी मुंडा और बोदरा क्वीन की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने खूब उत्साह दिखाया।
मौके पर प्रखंड प्रमुख सुशीला बारी, जिला परिषद सदस्य शशिभूषण पिंगुवा, चंद्रमोहन बिरुवा, शिवशंकर कांडेयांग, शेखर बारिक, कृष्णा चंद्र संवैया, जितेंद्र पुरती सहित अन्य उपस्थित थे।

