संविधान दिवस पर झारखंड कांग्रेस ने निकाला संविधान रक्षा मार्च
जमशेदपुर के कांग्रेसियों के साथ पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता और मेयर सुधा गुप्ता भी हुए शामिल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची। संविधान दिवस पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस की ओर से गुरुवार को रांची के भीमराव अंबेडकर चौक से धरती आबा भगवान बिरसा चौक तक संविधान रक्षा मार्च निकाला गया। मार्च में झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, प्रदेश महासचिव आलोक दुबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
जमशेदपुर के कांग्रेसियों की भी रही भागीदारी
संविधान रक्षा मार्च में जमशेदपुर के कांग्रेसियों के साथ पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता और मेयर सुधा गुप्ता ने भी भागीदारी निभाई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान की रक्षा तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया।
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता, न्याय और नागरिक अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सड़क पर उतरे हैं। उन्होंने संविधान को लोकतंत्र की आत्मा बताते हुए इसकी रक्षा के लिए कांग्रेस की प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने केंद्र की भाजपा सरकार पर संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा रचित संविधान में झारखंड के वीर सपूतों का भी योगदान रहा है। कांग्रेस संविधान को समाप्त करने के किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने देगी।
प्रदेश महासचिव आलोक दुबे ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के आह्वान पर देशभर में संविधान रक्षा मार्च निकाला गया है। कांग्रेस का प्रण है कि संविधान को खत्म नहीं होने दिया जाएगा।