सिंहभूम चैंबर ने ‘मिस झारखंड 2026’ श्रेया अग्रवाल को किया सम्मानित, शहर का बढ़ाया मान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री में एक गरिमामय समारोह का आयोजन कर ‘मिस झारखंड 2026’ श्रेया अग्रवाल को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे।
चैंबर के पदाधिकारियों ने श्रेया को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता से न केवल परिवार बल्कि पूरे जमशेदपुर और झारखंड का नाम गौरवान्वित हुआ है। चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने इसे शहर के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि यह पहली बार है जब चैंबर के किसी सदस्य की बेटी ने यह खिताब जीता है, जिससे अन्य बेटियों को भी प्रेरणा मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान श्रेया अग्रवाल को स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। श्रेया ने भी इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उन्हें आगे और बेहतर करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने बताया कि वह भुवनेश्वर में आयोजित फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में भाग ले चुकी हैं और फिलहाल दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी कर रही हैं। उनका लक्ष्य आगे एमबीए करना और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना है।
इस मौके पर चैंबर ने राज्य सरकार से भी मांग की कि श्रेया को मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित किया जाए। समारोह में चैंबर के कई पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

