*lकोल्हान में रेंजरों की कमी से वन सुरक्षा पर उठे सवाल, मुख्यमंत्री से नियुक्ति की मांग
*प्राकृतिक रक्षक संस्था ने पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के लिए भेजा पत्र*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
कोल्हान के वन क्षेत्रों में अधिकारियों की कमी का मुद्दा उठाते हुए प्राकृतिक रक्षक संस्था ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र भेजकर पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में रिक्त वन क्षेत्र पदाधिकारी (रेंजर) के पदों पर शीघ्र नियुक्ति की मांग की है। संस्था के महासचिव हेमंत वर्मा ने पत्र में कहा है कि संबंधित पदाधिकारियों के सेवानिवृत्त होने के बाद कई माह से पद रिक्त हैं। इससे वन क्षेत्रों की निगरानी और वन संपदा की सुरक्षा प्रभावित हो रही है।
पत्र के अनुसार, अधिकारियों की कमी का फायदा उठाकर कथित तौर पर वन एवं भू-माफिया अवैध गतिविधियों, वनभूमि पर अतिक्रमण और वन संपदा के दोहन में लगे हैं। इससे पर्यावरण के साथ सरकारी राजस्व को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है। संस्था ने कहा है कि वन क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी नहीं होने से जंगलों के संरक्षण की चुनौती बढ़ रही है। वहीं, ग्रामीण रैयतों और लकड़ी कारोबार से जुड़े लोगों को भी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

