साढ़े 3 करोड़ से ज्यादा की योजनाओं को मिली प्रशासनिक स्वीकृति सरयू राय के तारांकित प्रश्न के उत्तर में विधानसभा में आया जवाब
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मानगो नगर निगम की 3 करोड़ 62 लाख 35 हजार 250 रुपये की छह विकास योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। इसकी जानकारी विधानसभा में विधायक सरयू राय के तारांकित प्रश्न के उत्तर में दी गई। विभागीय स्वीकृत्यादेश संख्या-136, दिनांक 24 फरवरी 2026 के तहत स्वीकृति प्रदान की गई है।
बुधवार को सदन में मुद्दा उठाते हुए सरयू राय ने कहा कि ये योजनाएं अप्रैल 2025 से लंबित थीं और पिछले दस महीनों से प्रशासनिक स्वीकृति की प्रतीक्षा में थीं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं पर राज्य सरकार के खजाने से कोई राशि खर्च नहीं होनी है, क्योंकि निधि मानगो नगर निगम के पास उपलब्ध है।
राय ने बताया कि प्रशासनिक स्वीकृति के लिए वे अप्रैल 2025 से अब तक तीन बार विभागीय मंत्री और तीन बार विभागीय सचिव से मिल चुके हैं। उन्होंने टिप्पणी की कि ऐसा प्रतीत होता है कि नगर विकास विभाग की कार्यसंस्कृति में ही कोई खोट है, अन्यथा तकनीकी स्वीकृति एक वर्ष पहले मिल जाने के बावजूद प्रशासनिक स्वीकृति में इतनी देरी क्यों होती?
सदन में जवाब देते हुए नगर विकास मंत्री ने बताया कि संबंधित छह योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति दे दी गई है। इस पर सरयू राय ने कहा कि यदि उन्होंने विधानसभा में प्रश्न नहीं उठाया होता, तो संभवतः स्वीकृति में और विलंब होता।
स्वीकृत योजनाओं में वार्ड संख्या-9 में विभिन्न स्थानों पर आरसीसी नाली निर्माण, वार्ड संख्या-10 में वृद्ध नागरिकों के लिए शेल्टर होम निर्माण तथा मानगो नगर निगम कार्यालय के समीप जी-2 भवन निर्माण शामिल हैं।
इन योजनाओं की स्वीकृति से मानगो नगर निगम क्षेत्र में आधारभूत संरचना सुदृढ़ होने और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

