सरायकेला एसपी की कानून-व्यवस्था पर कड़ी नजर, आदित्यपुर, आरआईटी व गम्हरिया थाना का किया औचक निरीक्षण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला–खरसावां जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग की गुणवत्ता को लेकर पुलिस अधीक्षक द्वारा शनिवार को आदित्यपुर, आरआईटी एवं गम्हरिया थाना का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना अभिलेखों, ड्यूटी रजिस्टर, मालखाना तथा लंबित मामलों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और प्रत्येक मामले में गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध अनुसंधान सुनिश्चित किया जाए। एसपी ने विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए संवेदनशील इलाकों में सतत गश्त, त्वरित कार्रवाई और आमजन से बेहतर समन्वय पर जोर दिया। साथ ही लंबित कांडों, वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की के निष्पादन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए, ताकि फरार आरोपियों पर प्रभावी शिकंजा कसा जा सके। निरीक्षण के क्रम में एसपी ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, जवाबदेही और जनहित को केंद्र में रखकर कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सक्रिय और सजग पुलिसिंग ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण तथा जनता का विश्वास कायम रखने का मजबूत आधार है।

