सरायकेला सड़क हादसा: अंधेरे में खड़े हाइवा से बाइक की जोरदार टक्कर, 35 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला थाना अंतर्गत बिरसा चौक के समीप मुक्ति पोखर के पास सड़क किनारे अंधेरे में खड़े हाइवा के पीछे से मंगलवार देर रात एक बाइक टकरा गई जिससे बाइक सवार युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान जिलिंगबुरु गांव निवासी 35 वर्षीय राजू पूरती के रूप में हुई है. घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे जिप अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने घटना की सूचना पुलिस को दी और राजू पूरती को सरायकेला सदर अस्पताल भिजवाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मिली जानकारी के अनुसार मृतक मंगलवार को मुर्गा खरीदने के लिए अपनी बाइक से सरायकेला आया था. रात को वापसी के दौरान मुक्ति पोखर के पास सड़क किनारे खड़े ब्रेक डाउन हाइवा के पीछे से बाइक की टक्कर हो गई. हाइवा के पीछे किसी प्रकार के रेडियम नहीं लगाया हुआ है जिससे यह कयास लगाया जा रहा है कि बाइक सवार अंधेरे में खड़े हाइवा को देख नहीं पाया होगा और उसकी बाइक टकरा गई.
सोनाराम बोदरा ने कहा कि वाहन के पीछे रेडियम अथवा किसी प्रकार के सुरक्षात्मक प्रतीक का न लगा होना जिला परिवहन विभाग की लापरवाही को दर्शाता है. वहीं घटना की सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी विनय कुमार ने दोनो वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दिया है.

