गुड़गांव हादसा: मृतक श्रमिकों के परिजनों से मिले संजय सेठ व विद्युत वरण महतो, मुआवजा व नौकरी की पहल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर गुड़गांव में हुए दर्दनाक हादसे में मृत श्रमिकों के परिजनों को राहत दिलाने के लिए रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने सक्रिय पहल की। दोनों नेताओं ने गुड़गांव स्थित एक पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में मृतक श्रमिकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
इस दौरान रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नयाब सिंह सैनी से फोन पर बातचीत कर मृतक परिवारों को राहत, उचित मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिलाने की पहल की, जिस पर सकारात्मक आश्वासन मिला।
वहीं गुड़गांव के डीसी अजय कुमार ने जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां के डीसी से समन्वय स्थापित किया। इस मामले में पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा और लेबर कमिश्नर अनिल शर्मा भी सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।
बताया जाता है कि भिवाड़ी के कपाड़ियावास क्षेत्र में निर्माणाधीन साइट पर मिट्टी धंसने से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें जादूगोड़ा और ईचागढ़ क्षेत्र के 6 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

