सोना देवी विश्वविद्यालय में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सोना देवी विश्वविद्यालय, घाटशिला के स्वामी विवेकानंद सभागार में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच और संतुलित जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी गई।

कुलाधिपति प्रभाकर सिंह ने कहा कि स्वस्थ तन, स्वस्थ मन और विकसित बौद्धिक क्षमता ही सशक्त समाज एवं विकसित भारत की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन की चुनौतियों का दृढ़ता से सामना करने तथा योग, संगीत और पुस्तक-पठन जैसी गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने और दूसरों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने पर भी जोर दिया।
कुलपति प्रो. (डॉ.) ब्रज मोहन पाट पिंगुवा और कुलसचिव डॉ. नीत नयना ने मानसिक स्वास्थ्य को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया। राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. शिवचन्द्र झा ने मानसिक रूप से सशक्त नागरिकों को राष्ट्र की वास्तविक शक्ति बताया। मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. कुसुम कुमारी लकड़ा और गणित विभागाध्यक्ष कृष्णानंद दत्ता ने भी मानसिक संतुलन एवं सकारात्मक जीवनशैली के महत्व पर विचार रखे। इतिहास विभाग की छात्रा मानवी हेम्ब्रम ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम का समापन डॉ. कंचन सिन्हा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

