मानगो में सोलर लाइट की बैटरी चोरी पर बवाल विकास सिंह बोले- अब स्वयं करूंगा मुकदमा दर्ज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 7 जुलाई :मानगो नगर निगम क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर 5 से तुरियाबेड़ा को जोड़ने वाले व्यस्ततम सड़क पर झारखंड सरकार द्वारा लगाए गए 10 सोलर लाइटों में से चार लाइटें बंद हो चुकी हैं, क्योंकि उनकी बैटरी रहस्यमय तरीके से गायब हो गई है।

इस गंभीर मामले को लेकर पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि विभाग की चुप्पी संदेह को और गहरा करती है। विकास सिंह ने आरोप लगाया कि यह कोई सामान्य चोरी नहीं, बल्कि सुनियोजित लापरवाही या घोटाले का हिस्सा हो सकता है।

उन्होंने कहा कि एक महीने पहले भी दो बैटरी गायब हुई थीं, लेकिन ना मुकदमा दर्ज हुआ, ना ही विभागीय जांच। विकास सिंह ने चेतावनी दी कि यदि अधिकारी और संवेदक चुप बैठेंगे, तो अब वे स्वयं संबंधित थाना में एफआईआर दर्ज कराएंगे और एसएसपी को भी पूरे मामले की जानकारी देंगे।

सिंह ने कहा कि “वारंटी पीरियड में भी बैटरी बदली नहीं गई, सरकार की रोशनी फैलाने की योजना अंधेरे में बदल रही है।” उन्होंने आशंका जताई कि संवेदक खुद बैटरी निकाल रहा हो सकता है, ताकि सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग कर लाभ लिया जा सके।

स्थानीय जनता की सुरक्षा और टैक्स के पैसों के दुरुपयोग को लेकर विकास सिंह ने इसे जनहित का गंभीर मामला बताया और चेताया कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन होगा।

