वंदे भारत एक्सप्रेस में खाने पर बवाल, यात्री ने उठाए गुणवत्ता पर सवाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : प्रीमियम ट्रेनों में शुमार पटना–टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस एक बार फिर खानपान व्यवस्था को लेकर विवादों में घिर गई है। इस बार एक यात्री ने ट्रेन में परोसे गए भोजन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेल मंत्रालय से शिकायत की है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को पटना से टाटानगर की यात्रा कर रहे यात्री वरुण कुमार ने शाकाहारी भोजन का ऑर्डर दिया था। आरोप है कि कुछ समय बाद ट्रेन स्टाफ ने उन्हें बताया कि नियमित भोजन समाप्त हो चुका है। इसके बाद विकल्प के रूप में उन्हें पैकेज्ड “रेडी-टू-ईट” खाना दिया गया।
यात्री का कहना है कि उन्हें जो पैकेट दिया गया, वह एक ब्रांडेड रेडी-टू-ईट मील था, जिसे परोसने से पहले गर्म करना जरूरी होता है। लेकिन इसे बिना गर्म किए ही दे दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि खाना पूरी तरह ठंडा था और चावल ठीक से पके नहीं थे, जिससे उसे खाना मुश्किल हो गया।
इस घटना को लेकर वरुण कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर अपनी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने इसे यात्रियों की सेहत के साथ लापरवाही बताते हुए कहा कि प्रीमियम ट्रेन में इस तरह की सेवा अस्वीकार्य है, जहां यात्री बेहतर सुविधाओं की उम्मीद के साथ सफर करते हैं।

सोशल मीडिया पर मामला सामने आते ही यह तेजी से चर्चा का विषय बन गया और रेलवे की सेवाओं पर सवाल उठने लगे। गौरतलब है कि इससे पहले भी 15 मार्च को इसी ट्रेन में परोसी गई दही में गड़बड़ी की शिकायत सामने आई थी, जिसके बाद रेलवे ने संबंधित कैटरिंग एजेंसी पर कार्रवाई की थी।
इसके बावजूद ताजा घटना ने एक बार फिर व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि केवल कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि खानपान की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी और सख्त नियंत्रण जरूरी है।
फिलहाल, इस मामले में रेलवे प्रशासन की ओर से जांच की उम्मीद जताई जा रही है। देखना होगा कि इस बार क्या कदम उठाए जाते हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति कैसे रोकी जाती है।

