रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट ने स्कूलों में चलाया स्वास्थ्य व सुरक्षा जागरूकता अभियान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 2 सितंबर। रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट की ओर से छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर विभिन्न स्कूलों में तीन जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। धालभूमगढ़ स्थित स्वामी विवेकानंद गुरुकुलम में माहवारी स्वच्छता पर डॉ. स्वाति सिंघल ने कक्षा 5 से 8 के 50 विद्यार्थियों व 10 शिक्षकों को जानकारी दी। वहीं रोटेरियन रमा खन्ना ने कक्षा 1 से 4 के 180 विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच के बारे में जागरूक किया।
अपग्रेडेड हाई स्कूल, कालीमाटी में रोटेरियन डॉ. सुजाता मित्रा ने 9 से 15 वर्ष की 30 छात्राओं को मासिक धर्म, व्यक्तिगत स्वच्छता, सैनिटरी पैड के सही उपयोग, सुरक्षित निस्तारण और संतुलित पोषण की जानकारी दी। दोनों माहवारी स्वच्छता सत्रों के दौरान कुल 60 पैकेट सैनिटरी नैपकिन और 20 मेंस्ट्रुपीडिया कॉमिक्स वितरित किए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष रोटेरियन गुरप्रीत कौर ने की। उन्होंने कहा कि सही उम्र में सही जानकारी बच्चों को स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की ओर ले जाती है। विद्यालय प्रबंधन ने रोटरी क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए आभार जताया।

