मानगो गोलचक्कर पर बस अनियंत्रित, दो बाइकें रौंदी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के मानगो गोलचक्कर के पास बुधवार देर शाम बड़ा हादसा टल गया। टाटा से भागलपुर जा रही यात्री बस शंकर पार्वती कथित तौर पर ब्रेक फेल होने के बाद अनियंत्रित हो गई और पारडीह रोड स्थित सिंधी होटल के पास खड़ी दो मोटरसाइकिलों को चपेट में ले लिया। हादसे में कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करते हुए यातायात सामान्य कराया। पुलिस बस की तकनीकी खराबी समेत हादसे के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

