राष्ट्र संवाद संवाददाता सुनील शर्मा
जमशेदपुर के टेल्को क्षेत्र में गुरुवार सुबह दिनदहाड़े हुई लूट की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, खड़ंगाझार स्थित टेल्को कॉलोनी के एम-47/8 निवासी श्रीमती संगीता महंता (53), पत्नी टाटा मोटर्स के अधिकारी एवं अंतरराष्ट्रीय एथलीट एल.एम. महंता, सुबह करीब 9:30 बजे सब्जी खरीदने के लिए बाजार जा रही थीं। इसी दौरान उनके फ्लैट के समीप दो अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रोककर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
बताया जाता है कि अपराधियों में एक लगभग 22 वर्षीय गोरे रंग का युवक तथा दूसरा करीब 55 वर्षीय सांवले रंग का व्यक्ति शामिल था। दोनों ने मिलकर महिला से सोने की चेन, सोने की अंगूठी, दो सोने के कंगन और मोबाइल फोन छीन लिया। लूटे गए सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर अपराधियों की पहचान करने तथा लूटा गया सामान शीघ्र बरामद करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

