राजद को संगठन में चाहिए स्थानीय चेहरा
*सरायकेला-खरसावां जिलाध्यक्ष के लिए आदिवासी नेता की मांग, मुकेश झा ने शीर्ष नेतृत्व से की अपील*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
सरायकेला-खरसावां में राजद संगठन को नए सिरे से खड़ा करने की कवायद के बीच पार्टी के पूर्व जिला प्रवक्ता मुकेश झा ने जिलाध्यक्ष पद पर किसी आदिवासी और स्थानीय नेता को मौका देने की मांग उठाई है। गौरतलब है कि राजद ने हाल में सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम की जिला कमेटियों को भंग कर दिया था।
मुकेश झा ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव, प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव, प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी और महासचिव भोला यादव से मांग की है कि सरायकेला-खरसावां के लिए ऐसा अध्यक्ष चुना जाए, जो स्थानीय सामाजिक परिस्थितियों और क्षेत्रीय भाषाओं से परिचित हो।
उन्होंने कहा कि जिले में राजद के समर्थक और वोटर मौजूद हैं, लेकिन संगठन की कमजोरी के कारण यह जनाधार एकजुट नहीं हो पा रहा है। ग्रामीण इलाकों में स्थानीय भाषा के माध्यम से लोगों तक पहुंच बनाने के लिए स्थानीय नेतृत्व जरूरी है।
झा ने कहा कि सरायकेला विधानसभा क्षेत्र अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। यदि महागठबंधन के सीट बंटवारे में भविष्य में यह सीट राजद को मिलती है, तो पार्टी को चुनाव लड़ने की तैयारी करनी चाहिए। उनके अनुसार चुनावी भागीदारी के बिना संगठन का विस्तार कठिन होगा।
उन्होंने जिलाध्यक्ष पद के लिए योग्य, शिक्षित, कर्मठ और संघर्षशील स्थानीय चेहरे को जिम्मेदारी देने की मांग की है।

