राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त कर लौटे रवि राज मुर्मु का गम्हरिया में हुआ भव्य स्वागत
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
संथाली सिनेमा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले फिल्म निर्माता-निर्देशक रवि राज मुर्मू के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त कर जमशेदपुर लौटने के क्रम में गम्हरिया पहुंचने पर उषा मोड़ स्थित संथाल सरना उमूल परिसर में अभिनंदन किया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों और समाज के सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
विदित है कि रवि राज मुर्मू को संथाली लघु फिल्म ‘आंगेन’ के लिए 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक का सम्मान मिला है। गुजरात के एकता नगर, केवड़िया में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें पुरस्कार प्रदान किया। राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस सम्मान के बाद गम्हरिया में उनके स्वागत को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा गया। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि रवि राज मुर्मू की उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि संथाली भाषा, संस्कृति और समाज के लिए भी गौरव का विषय है। ‘आंगेन’ के माध्यम से संथाली समाज की संस्कृति, लोकजीवन और स्थानीय परिवेश को व्यापक मंच मिला है। लोगों ने उम्मीद जताई कि इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवा कलाकारों और संथाली फिल्म निर्माण से जुड़े लोगों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। इस मौके पर अविनाश सोरेन, गौरीशंकर टुडू, सीताराम हेंब्रम, देव मार्डी, शंभू टुडू, होपना बेसरा, राज मार्डी, गणेश टुडू समेत काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।

