राजद जिला अध्यक्ष शंभू चौधरी की दबंगई : सर्विस सेंटर कर्मचारियों से मारपीट, ग्रामीणों का विरोध
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। एनएच-33 स्थित महिंद्रा बालाजी सर्विस सेंटर के बाहर गाड़ी पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि राजद जिला अध्यक्ष शंभू चौधरी ने सर्विस सेंटर के कर्मचारी दीपक महतो की बुरी तरह पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गए। बीच-बचाव में आए नरेश हांसदा को भी चोटें आईं। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दोनों घायलों का इलाज एमजीएम अस्पताल में कराया गया।

घटना की जानकारी पाकर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एकत्रित हो गए और शंभू चौधरी पर कार्रवाई की मांग की। फिलहाल एमजीएम थाना पुलिस ने पीड़ितों का आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

पीड़ित कर्मचारियों का आरोप है कि शंभू चौधरी आए दिन सर्विस सेंटर में आकर कर्मचारियों से गाली-गलौज और मारपीट करते हैं तथा जातिसूचक टिप्पणियां भी करते हैं। वहीं, महिला कर्मचारियों ने भी आरोप लगाया कि चौधरी उन्हें गंदी गालियां देते हैं और उठा ले जाने की धमकी देते हैं।

सर्विस सेंटर प्रबंधन ने भी अपने कर्मचारियों का समर्थन करते हुए दबंग नेता पर कार्रवाई की मांग की है। मैनेजर विनीत कामथा ने कहा कि शंभू चौधरी सर्विस सेंटर के बाहर की सड़क को अपनी संपत्ति मानते हैं और आए दिन कर्मचारियों को प्रताड़ित करते हैं। इससे कर्मचारी दहशत के माहौल में काम करने को मजबूर हैं।

स्थानीय ग्रामीण और सर्विस सेंटर प्रबंधन ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे दबंग नेता के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

