जेएसएलपीएस योजनाओं की समीक्षा, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में रविवार को जेएसएलपीएस के अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त आलोक कुमार ने की। इस दौरान जिले में गठित स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी), सक्रिय एवं निष्क्रिय समूहों, बैंक लिंकेज, महिला किसान आच्छादन, कृषि सखी, मिलेट्स कवरेज, महिला लखपति किसान योजना समेत विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि विभिन्न विभागों के समन्वय से स्वास्थ्य, पोषण और स्वरोजगार के क्षेत्र में बेहतर कार्य किए जा रहे हैं। उपायुक्त ने जिले के विशिष्ट उत्पादों को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से बढ़ावा देने का निर्देश दिया, ताकि महिलाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। साथ ही निष्क्रिय एसएचजी का पुनर्वलोकन कर उन्हें दोबारा सक्रिय करने पर जोर दिया गया।
उपायुक्त ने प्रखंड स्तर पर संचालित पलाश मार्ट के बेहतर रखरखाव और समूहों को दिए गए ऋण के सही उपयोग तथा समय पर ऋण भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले की सभी छूटी हुई महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाया जा सके। बैठक में संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

