जनगणना 2027 को लेकर समीक्षा बैठक, कार्य में पारदर्शिता पर जोर
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत चल रहे मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य की प्रगति को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी आलोक कुमार ने की। बैठक में जिले के सभी आठ चार्ज क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान क्षेत्रवार प्रगति, गणना कार्य में आ रही व्यावहारिक समस्याओं तथा प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई। अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया। बैठक में कहा गया कि जनगणना भारत सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रगणक प्रतिदिन एकत्रित किए गए आंकड़ों को उसी दिन ऑनलाइन ऐप में दर्ज करें, ताकि कार्य त्रुटिरहित एवं पारदर्शी ढंग से पूरा हो सके। साथ ही कोषांग स्तर से प्रखंडवार प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा एवं फॉलोअप सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

