राष्ट्र संवाद संवाददाता
अनुमंडल पदाधिकारी विकाश राय की अध्यक्षता में अनुमंडल सभागार में बकरीद पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश एवं नवपदस्थापित अनुमंडल पदाधिकारी नीतिन शिवम गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित थे। इसके अलावा विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, थाना प्रभारी एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ विकाश राय ने निर्देश दिया कि अनुमंडल एवं थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित कर स्थानीय स्तर पर विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति समेत अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा कर सभी तैयारियां समय पूर्व पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी अलर्ट एवं सक्रिय मोड में कार्य करेंगे।
एसडीओ ने पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, अग्निशमन सेवा, बिजली विभाग, स्वास्थ्य विभाग, प्रखंड पदाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को फ्लैग मार्च निकालने तथा पूर्ण सतर्कता बरतने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि प्रतिबंधित मवेशियों की बलि नहीं होनी चाहिए। साथ ही कपाली नगर क्षेत्र सहित अन्य स्थानों पर कुर्बानी के अवशेषों का समुचित एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा नियमित साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। निर्बाध पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश ने कहा कि पर्व के दौरान युवाओं द्वारा बाइक रेसिंग, स्टंट एवं तेज गति से वाहन चलाने की संभावनाओं को देखते हुए विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध सूचना की तत्काल जानकारी स्थानीय थाना को देने की अपील की, ताकि सामाजिक सौहार्द बना रहे।
बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों ने बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करने की सहमति जताई। मौके पर जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोगों में जिला परिषद सदस्य ज्योति मांझी, पंचायत समिति सदस्य राजिया सुल्तान, शिबू चटर्जी समेत कई लोग उपस्थित

