जामताड़ा में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, कई क्षेत्रों में धीमी प्रगति पर नाराजगी
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में स्वास्थ्य विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्वास्थ्य समिति, विभिन्न टास्क फोर्स, रोगी कल्याण समिति, टीबी नियंत्रण कार्यक्रम सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान रूटीन टीकाकरण, मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य, टीबी उन्मूलन, परिवार नियोजन, गैर संचारी रोग, ई-संजीवनी तथा राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम जैसे प्रमुख क्षेत्रों की प्रगति का आकलन किया गया। कई महत्वपूर्ण पैरामीटर, जैसे मातृ स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, एएनसी जांच, बीसीजी कवरेज और पूर्ण टीकाकरण में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर नाराजगी जताई गई।
खराब प्रदर्शन करने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को चिह्नित कर उनके वेतन पर रोक लगाने और स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए गए। साथ ही, कुष्ठ रोग सर्वेक्षण में तेजी लाने और टीबी मुक्त जामताड़ा के लक्ष्य को हासिल करने के लिए संदिग्ध मरीजों की अनिवार्य जांच एवं समय पर इलाज सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में अस्पतालों की साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और डॉक्टरों व मेडिकल स्टाफ की नियमित उपस्थिति पर भी जोर दिया गया। निर्देश दिया गया कि मरीजों को बेहतर इलाज और सम्मानजनक व्यवहार उपलब्ध कराया जाए।

