जामताड़ा में पर्यटन व खेल विभाग की समीक्षा बैठक, स्पोर्ट्स क्लब बनाने के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में पर्यटन एवं खेल विभाग से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त रवि आनंद ने की। इस दौरान जिले में खेल और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिला खेल पदाधिकारी से जिले में खेल गतिविधियों की वर्तमान स्थिति और किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने कहा कि जिले में खेल के क्षेत्र में काफी संभावनाएं हैं, इसलिए खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए ठोस पहल की जरूरत है। उन्होंने आउटडोर खेलों के साथ-साथ इनडोर खेलों के प्रति भी युवाओं और बच्चों को जागरूक करने, उन्हें प्रोत्साहित करने तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन का निर्देश दिया। साथ ही जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “जामताड़ा स्पोर्ट्स क्लब” बनाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पर्यटन से संबंधित गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को अधिसूचित पर्यटन स्थलों पर्वत विहार पार्क, देवेलेश्वर धाम, गिरधारी मंदिर और चंचला मंदिर में पर्यटन के दृष्टिकोण से आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित करने के लिए कार्य करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा अधिकारियों के आवासीय क्वार्टर के सामने खाली भूमि को चिन्हित कर पार्क के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

