जामताड़ा में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक, कार्यशैली सुधारने के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: स्वास्थ्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न योजनाओं, टास्क फोर्स एवं स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, टीबी उन्मूलन, एनीमिया नियंत्रण, परिवार नियोजन, आयुष्मान भारत एवं आभा कार्ड जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान कई योजनाओं में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर नाराजगी जताई गई। विशेष रूप से डेटा प्रविष्टि में लापरवाही को लेकर संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई गई और सभी एमओआईसी को अपनी कार्यशैली में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। स्पष्ट किया गया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आयुष्मान भारत योजना के तहत कम संख्या में कार्ड बनाए जाने पर चिंता जताते हुए निर्देश दिया गया कि ओपीडी में आने वाले सभी पात्र मरीजों का कार्ड बनाना सुनिश्चित किया जाए। वहीं नाला सीएचसी में सर्जरी नहीं होने की शिकायत पर संबंधित सर्जन के वेतन रोकने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा जिले में विभागीय स्तर पर डायलिसिस सेंटर स्थापित करने के लिए स्थल चयन और आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया। साथ ही 20 अप्रैल से 5 मई तक फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को सफल बनाने हेतु व्यापक तैयारी के निर्देश दिए गए। बैठक में अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

