राशन दुकान लूटकांड का खुलासा, चार गिरफ्तार SIT ने पांच दिनों में किया मामले का उद्भेदन, हथियार व कारतूस बरामद….
पाकुड़ के पाकुड़िया थाना क्षेत्र के महुलपहाड़ी गांव में 2 अक्टूबर को राशन दुकान में फायरिंग कर लूट के प्रयास के मामले का पुलिस ने पांच दिनों में खुलासा कर दिया। एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ महेशपुर विजय कुमार के नेतृत्व में गठित SIT ने आंगनगड़िया फुटबॉल मैदान से डकैती की योजना बना रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों में कोलेश हांसदा, हेमलाल हेम्ब्रम, रामरंजन महतो और सियान महतो शामिल हैं। इनके पास से एक पिस्टल, दो देसी कट्टा, सात जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त अपाची बाइक बरामद हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने महुलपहाड़ी राशन दुकान लूटकांड में संलिप्तता स्वीकार की है।मामले में पाकुड़िया थाना कांड संख्या 71/2026 दर्ज किया गया है। दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। बेहतर कार्रवाई के लिए एसपी ने SIT के पुलिस पदाधिकारियों को 2 हजार और पुलिसकर्मियों को 1 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया।

