नए श्रम कानून का रामकृष्णा फोर्जिंग्स कामगार संघ ने विरोध
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया।केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए नए श्रम कानून का रामकृष्णा फोर्जिंग्स कामगार संघ ने विरोध किया है । इस नए लेबर कोड्स को मजदूर विरोधी बताते हुए अविलंब वापस लेने की मांग की गई है। यूनियन के महामंत्री तारकेश्वर यादव ने गम्हरिया में एक प्रेस वार्ता कर बताया कि इन कोड्स से देश के 44 करोड़ असंगठित मजदूर प्रभावित होंगे और उनके हड़ताल का अधिकार भी खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि ये कोड्स देशभर के असंगठित श्रमिकों के अधिकार खत्म कर रहे हैं और इसके खिलाफ एक बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। बताया कि इसके विरोध में आगामी रविवार, 11 जनवरी को विशाल मोटरसाइकिल रैली निकाली जाएगी। कंपनी के डीवीसी मोड़ के समीप स्थित प्लांट एक से संध्या चार बजे यह रैली प्रारंभ होगी जो पूरे औद्योगिक क्षेत्र गम्हरिया से होते हुए लाल बिल्डिंग चौक पहुंच कर समाप्त होगी। तत्पश्चात, वहां केंद्र सरकार का पुतला दहन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मौके पर इंटक समेत कई श्रमिक संगठनों के नेता और औद्योगिक क्षेत्र के काफी संख्या में मजदूर शामिल होंगे। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र के विभिन्न कंपनियों से संबद्ध यूनियन नेताओं से भी अधिक से अधिक संख्या में इस रैली में भाग लेने की अपील किया है। प्रेस वार्ता में यूनियन के उपाध्यक्ष दिनेश राम, कोषाध्यक्ष अच्छेलाल यादव भी मौजूद थे।

