रोजगार, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा को एजेंडे में शामिल कर एमएलसी प्रत्याशी ने रखीं प्राथमिकताएं
बेगूसराय/ राष्ट्र संवाद ब्यूरो
जनसुराज के एमएलसी प्रत्याशी मोहम्मद इम्तियाज ने मंगलवार को बरौनी थाना अवस्थिति जिला अध्यक्ष डॉ. सोनू शंकर के प्रतिष्ठान पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी प्राथमिकताएं सामने रखीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सोनू शंकर ने की।
इम्तियाज ने क्षेत्र में 10 हजार लोगों को रोजगार से जोड़ने, नियमित परीक्षा कैलेंडर की व्यवस्था, शिक्षकों के लिए समान वेतन एवं सम्मानजनक कार्य व्यवस्था, सामाजिक और स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने तथा अधिवक्ताओं को आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही। विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षार्थियों के लिए पुस्तकालय एवं ई-पुस्तकालय का विकास भी उनके एजेंडे में शामिल है।
उन्होंने दूरस्थ शिक्षा का मुद्दा उठाते हुए वर्तमान एमएलसी सर्वेश कुमार की भूमिका पर सवाल उठाए। इम्तियाज का आरोप था कि दूरस्थ शिक्षा व्यवस्था समाप्त किए जाने के दौरान सर्वेश कुमार ने इसके पक्ष में पर्याप्त आवाज नहीं उठाई। इम्तियाज ने कहा कि दूरस्थ शिक्षा गरीब और जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा हासिल करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उनके अनुसार, इसे समाप्त किए जाने से ऐसे विद्यार्थियों के अवसर प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचित होने पर दूरस्थ शिक्षा को फिर से लागू कराने के लिए पहल करेंगे।
उन्होंने जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की विचारधारा के अनुरूप जनहित के मुद्दों पर काम करने की बात कही। जिला अध्यक्ष डॉ. सोनू शंकर ने कहा कि रोजगार, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा जैसे मुद्दे स्नातक मतदाताओं से सीधे जुड़े हैं और इन पर गंभीर पहल की जरूरत है। प्रदेश नेता कुमार गौतम ने कहा कि युवाओं और विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए जनसुराज लगातार आवाज उठाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रत्याशी ने अपने एजेंडे के जरिए स्नातक मतदाताओं से जुड़े सवालों को प्रमुखता दी। उन्होंने मतदाताओं से मतपत्र में क्रमांक संख्या 8 के सामने अपना प्रथम वरीयता का मत देने की अपील की है।

