सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल में बाल अधिकारों को लेकर जागरूकता अभियान आयोजित
बेगूसराय राष्ट्र संवाद ब्यूरो
तेघड़ा प्रखंड अंतर्गत गौड़ा-1 स्थित सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल में जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के सहयोगी संगठन वैशाली समाज कल्याण संस्थान, बेगूसराय की ओर से बाल अधिकारों के संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को बाल विवाह, बाल श्रम, बाल तस्करी एवं बाल यौन शोषण जैसी सामाजिक बुराइयों और गंभीर अपराधों की रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में संस्थान के प्रतिनिधि राजमणि रंजन ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य और सर्वांगीण विकास में बाधक है। कम उम्र में विवाह होने से विशेष रूप से बालिकाओं की शिक्षा, खेलकूद तथा मानसिक एवं शारीरिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। कम उम्र में गर्भधारण से माता और शिशु दोनों के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना आवश्यक है, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाध्यापिका रंजू कुमारी ने
विद्यार्थियों को जागरुक करते हुए कहा कि बाल विवाह, बाल श्रम, बाल तस्करी या बाल शोषण की घटना सामने आने पर तत्काल विद्यालय प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को सूचना दें। इसके लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181 एवं निःशुल्क कानूनी सहायता हेल्पलाइन 15100पर संपर्क किया जा सकता है। बाल विवाह की सूचना अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी अथवा संबंधित थानाध्यक्ष को भी दी जा सकती है। इस अवसर पर नोडल शिक्षक अविनाश शास्त्री, शिक्षक रवि कुमार आदि ने भी बच्चों को प्रेरित किया

