जुगसलाई में नि:शुल्क चर्मरोग जांच शिविर, 17 संदिग्ध मरीजों की जांच में एक में कुष्ठ रोग की पुष्टि
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। ‘मेरी दोस्ती तुमसे’ 100 दिवसीय कुष्ठ जागरूकता अभियान के तहत 13 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जुगसलाई में नि:शुल्क चर्मरोग जांच शिविर आयोजित किया गया। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के निर्देश पर आयोजित शिविर में सहियाओं द्वारा खोजे गए 17 संदिग्ध मरीजों की जांच की गई, जिनमें एक नए कुष्ठ मरीज की पुष्टि हुई। मरीज को नि:शुल्क एमडीटी दवा दी गई। वहीं, 13 मरीजों को एमसीआर चप्पल और पांच को सेल्फ केयर किट प्रदान की गई।
जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. मृत्युंजय धावड़िया ने कहा कि कुष्ठ रोग की जल्द पहचान और उपचार से दिव्यांगता से बचा जा सकता है। जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने बताया कि शरीर पर दाग के साथ निश्चित सुन्नपन होने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। कुष्ठ रोग बैक्टीरिया से होने वाला रोग है और इसका इलाज सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में नि:शुल्क उपलब्ध है। शिविर में सेल्फ केयर, पुनर्निर्माण सर्जरी और कुष्ठ रोगियों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि की भी जानकारी दी गई।

