टाटानगर स्टेशन पर 1000 यात्रियों की क्षमता वाला होल्डिंग एरिया तैयार, आज से टाटा-बक्सर पूजा स्पेशल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। दुर्गापूजा और छठ में यात्रियों की भीड़ नियंत्रित करने के लिए टाटानगर स्टेशन की वीआईपी लेन में 1000 यात्रियों की क्षमता वाला होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है। यहां बैठने, पंखे और पेयजल की सुविधा उपलब्ध है। ट्रेन आने पर यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से प्लेटफॉर्म पर भेजा जाएगा, जिससे धक्का-मुक्की और अफरातफरी रोकने में मदद मिलेगी।

वहीं, टाटानगर-बक्सर पूजा स्पेशल का परिचालन 13 अक्टूबर से शुरू होगा, जो 25 नवंबर 2026 तक चलेगी। ट्रेन दोनों दिशाओं में सात-सात फेरे लगाएगी और इसमें 20 कोच होंगे। टाटानगर से यह प्रत्येक मंगलवार रात 8:30 बजे रवाना होकर बुधवार सुबह 9:15 बजे बक्सर पहुंचेगी। वापसी में बुधवार सुबह 11:55 बजे बक्सर से चलकर गुरुवार रात 12:15 बजे टाटानगर पहुंचेगी। इस ट्रेन से बिहार जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी और नियमित ट्रेनों पर भीड़ का दबाव कम होगा।

