रेल यात्री संघर्ष समिति जीएम का टाटानगर में विरोध करेगी : सरयू राय
अगर हमारे विरोध की खबर से जीएम टाटानगर नहीं आए तो हम लोग कोलकाता जाकर विरोध करेंगे
घाटशिला में रेल यात्री संघर्ष समिति का हस्ताक्षर अभियान बेहद सफल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
घाटशिला। रेल यात्री संघर्ष समिति के संरक्षक एवं जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने चेतावनी दी है कि 27 मई को यदि चक्रधरपुर-खड़गपुर जोन के महाप्रबंधक (जीएम) टाटानगर आते हैं तो समिति उनका जोरदार विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि यदि विरोध से बचने के लिए जीएम टाटानगर नहीं आते हैं तो समिति के सदस्य कोलकाता जाकर उनके कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
रविवार को घाटशिला रेलवे स्टेशन के सामने आयोजित हस्ताक्षर अभियान में बतौर मुख्य अतिथि सरयू राय ने कहा कि रेलवे लगातार यात्रियों की अनदेखी कर रहा है। यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे इस्पात एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें घंटों विलंब से चल रही हैं। उन्होंने कहा कि चांडिल से टाटानगर पहुंचने में ट्रेनों को चार घंटे तक लग रहे हैं, जिससे नौकरीपेशा लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

उन्होंने रेलवे अधिकारियों पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि 2017 से टाटानगर में जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य नहीं किए गए, लेकिन मालगाड़ियों की संख्या बढ़ा दी गई। अब वंदे भारत जैसी ट्रेनें भी लेट हो रही हैं।
समिति के संयोजक शिवशंकर सिंह ने कहा कि जब तक ट्रेनें समय पर नहीं चलेंगी, आंदोलन जारी रहेगा। घाटशिला में आयोजित हस्ताक्षर अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर रेलवे की कार्यप्रणाली के खिलाफ आवाज बुलंद की।
कार्यक्रम में शिवरतन अग्रवाल, गोपाल कृष्ण अग्रवाल, दीपक प्रसाद, सुशील वेशल, वीर सिंह देवलाभ, स्मारिक शुक्ला, पप्पू सिंह, प्रिंस प्रसाद, प्रतीक उपाध्याय, सागर दीप मल्ला, गुल्लू पातर, पिंकी सिंह, गुड्डी परवीन, आरती कुमारी, अमित पात्री, वोखल सरदार, कन्हैया सिंह, सुबोध श्रीवास्तव, पप्पू सिंह, कुलविंदर सिंह पन्नू, सतीश सिंह, राजीव चौधरी, अजय कुमार, मुकेश सिंह, शैलेश कारू, एस. चंद्रशेखर, संजीव सिंह, अशोक सिंह, विनीत कुमार, विक्की बादशाह, प्रकाश कोया, दुर्गा राव, राजू सिंह, बीरू सिंह, रामदेव हेम्ब्रम आदि मौजूद रहे।

