जमशेदपुर में कानून-व्यवस्था पर सवाल: व्यापारी से दिनदहाड़े 30 लाख की लूट, 24 घंटे में दूसरी वारदात
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद हैं। महज 24 घंटे के भीतर लूट की दूसरी बड़ी घटना ने व्यापारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गुरुवार को बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने व्यापारी साकेत अग्रवाल की आंख में मिर्च पाउडर डालकर 30 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए।

घटना उस समय हुई जब व्यापारी अपनी स्कूटी से बैंक में रुपये जमा करने जा रहे थे। गुरुद्वारा के पास पहले से घात लगाए कार सवार अपराधियों ने व्यापारी को रोका, आंखों में मिर्च पाउडर डाला और बैग लूटकर फरार हो गए। भागते समय अपराधियों ने हवाई फायरिंग भी की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

सूचना पर सिटी एसपी कुमार शिवाशीष समेत बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है, लेकिन अपराधियों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।

व्यापारियों का कहना है कि पुलिस केवल जांच और कार्रवाई की बात करती है, जबकि अपराधी खुलेआम वारदातों को अंजाम देकर फरार हो जा रहे हैं। व्यापारिक संगठन अब आंदोलन की चेतावनी दे रहे हैं, उनका कहना है कि अगर जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।

