एयरटेल टावर लगाने का विरोध, स्थानीय लोगों ने एसडीओ को सौंपा ज्ञापन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बारिडीह बस्ती स्थित शक्तिनगर क्षेत्र में एयरटेल कंपनी द्वारा टावर लगाए जाने के विरोध में आज बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एसडीओ कार्यालय पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। लोगों ने टावर निर्माण का जमकर विरोध किया।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि बारिडीह बस्ती, शक्तिनगर, जोन नंबर-10, भारत गैस गोदाम के समीप अवैध रूप से एयरटेल कंपनी का टावर लगाया जा रहा है। यह क्षेत्र घनी आबादी वाला है, ऐसे में टावर से निकलने वाले रेडिएशन का लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ सकता है, जिससे विभिन्न प्रकार की बीमारियों की आशंका बनी हुई है।
लोगों का आरोप है कि टावर निर्माण के लिए जमीन मालिक द्वारा किसी भी संबंधित विभाग से आवश्यक एनओसी (N.O.C) प्राप्त नहीं की गई है। मौके पर कार्यरत एयरटेल कर्मचारियों से पूछताछ के दौरान यह जानकारी मिली कि लगभग 120 मीटर ऊंचा टावर लगाने की योजना है। स्थानीय लोगों ने बताया कि टावर स्थल नाले के किनारे बलुई मिट्टी पर स्थित है, जहां मजबूत फाउंडेशन नहीं होने की स्थिति में टावर गिरने की प्रबल संभावना बनी रहेगी, जिससे जान-माल का नुकसान हो सकता है।
इसके अलावा, नाले के एक हिस्से पर अतिक्रमण कर टावर लगाए जाने का भी आरोप लगाया गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
इस मौके पर सुमन तिवारी, सोनी सिंह, दीपक कुमार, अंकित कुमार सहित कई स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

