गोड्डा में स्व-गणना अभियान को बढ़ावा, मंत्री ने की नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील
राष्ट्र संवाद सं
गोड्डा: जिले में जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया को बढ़ावा देने के लिए शुक्रवार को उद्योग एवं श्रम नियोजन, प्रशिक्षण विभाग के मंत्री संजय प्रसाद यादव ने स्वयं पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना कर नागरिकों को डिजिटल जनगणना में भाग लेने का संदेश दिया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं, संसाधनों के समुचित वितरण और नीति निर्माण की आधारशिला है। डिजिटल माध्यम से स्व-गणना की सुविधा नागरिकों को सरल, सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से अपनी जानकारी दर्ज करने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि इससे समय की बचत होगी और आंकड़ों की सटीकता भी सुनिश्चित होगी।
मंत्री ने जिलेवासियों से अपील की कि वे 1 मई से 15 मई 2026 के बीच आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज करें और इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाएं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा नागरिकों को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति इस प्रक्रिया से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने स्व-गणना पोर्टल के संचालन और प्रक्रिया की जानकारी दी। इस मौके पर अपर समाहर्ता प्रेमलता मुर्मू, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी राजेश कुमार पाठक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

