गिरफ्तारी के बाद प्रिंस खान के भाई बंटी का बड़ा बयान, कहा- धनबाद लौटकर कानून का सामना करे
राष्ट्र संवाद संवाददाता
धनबाद। धनबाद के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान ने गिरफ्तारी के बाद अपने ही भाई के खिलाफ बड़ा बयान देकर सनसनी फैला दी है। कोलकाता से गिरफ्तार किए गए बंटी खान ने पुलिस पूछताछ के दौरान कहा कि प्रिंस खान अपना परिवार लेकर फरार हो गया और पीछे परिवार के अन्य सदस्यों को परेशानियों का सामना करने के लिए छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, बंटी खान को जाली पासपोर्ट के आधार पर देश छोड़कर भागने की कोशिश के आरोप में धनबाद पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ में उसने प्रिंस खान को लेकर कई अहम बातें पुलिस के सामने रखीं।
बंटी खान ने कहा कि यदि प्रिंस खान खुद को इतना बड़ा गैंगस्टर मानता है तो उसे धनबाद लौटकर कानून का सामना करना चाहिए। उसने आरोप लगाया कि प्रिंस खान की गतिविधियों के कारण पूरे परिवार को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इतना ही नहीं, बंटी खान ने पुलिस से प्रिंस खान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उसके खिलाफ कठोर कदम उठाए जाने चाहिए। उसने यहां तक कहा कि यदि पुलिस उसका एनकाउंटर भी कर दे तो वे लोग उसकी मिट्टी में जाने तक नहीं जाएंगे।
बंटी खान के इस बयान के सामने आने के बाद धनबाद के अपराध जगत में नई चर्चा शुरू हो गई है। एक ओर जहां प्रिंस खान लंबे समय से पुलिस के निशाने पर है, वहीं उसके सगे भाई द्वारा सार्वजनिक रूप से उसके खिलाफ दिए गए बयान को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि बंटी खान के आरोपों और बयान पर प्रिंस खान या उसके करीबियों की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने आती है या नहीं।

