प्रधानमंत्री मोदी को त्रिनिदाद एवं टोबैगो के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया गया
मैं इस प्रतिष्ठित सदन में आपसे बात करने वाला पहला भारतीय प्रधानमंत्री बनकर गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं: प्रधानमंत्री
पोर्ट ऑफ स्पेन, चार जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को शुक्रवार को त्रिनिदाद एवं टोबैगो के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो’ से सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही मोदी कैरेबियाई देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान पाने वाले पहले विदेशी नेता बन गए। यह किसी देश द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को दिया गया 25वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।
राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में राष्ट्रपति क्रिस्टीन कार्ला कंगालू ने प्रधानमंत्री मोदी को उनके नेतृत्व कौशल, ‘ग्लोबल साउथ’ की प्राथमिकताओं का समर्थन करने तथा दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत बनाने में उनके असाधारण योगदान के लिए त्रिनिदाद एवं टोबैगो के सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया।
कैरेबियाई राष्ट्र की दो दिवसीय यात्रा पर आए मोदी ने सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित करने पर सरकार और लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने पुरस्कार प्राप्त करने के बाद कहा, ‘‘मैं आपको, आपकी सरकार और जनता को सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार ‘ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो’ से मुझे सम्मानित करने के लिए अपना हार्दिक आभार व्यक्त करना चाहता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह सम्मान हमारे दोनों देशों के बीच शाश्वत और गहरी दोस्ती का प्रतीक है। मैं 140 करोड़ भारतीयों की ओर से साझा गौरव के रूप में इस सम्मान को स्वीकार करता हूं।’’
मोदी ने कहा, ‘‘पहली बार किसी विदेशी नेता को यह सम्मान प्रदान करना हमारे गहरे द्विपक्षीय संबंधों को दर्शाता है, जो हमारे साझा इतिहास और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित हैं।’’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मैं इस सम्मान को हमारे संबंधों के प्रति जिम्मेदारी के रूप में भी देखता हूं। एक करीबी और भरोसेमंद साझेदार के रूप में, हमने त्रिनिदाद एवं टोबैगो के लोगों के लिए कौशल विकास पर जोर देना जारी रखा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह बहुत गर्व की बात है कि भारतीय समुदाय ने आज भी हमारी साझा परंपराओं, संस्कृति और रीति-रिवाजों को संरक्षित रखा है। राष्ट्रपति कंगालू जी और प्रधानमंत्री कमला जी इस समुदाय की सबसे बड़े ‘ब्रांड एंबेसडर’ हैं।’’
प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि ये विशेष संबंध 180 साल पहले देश में आए भारतीयों द्वारा संरक्षित साझा इतिहास और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित हैं।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और त्रिनिदाद एवं टोबैगो के बीच द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
उन्होंने कहा, ‘‘दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंध हर कदम पर दिखाई देते हैं। राष्ट्रपति कंगालू के पूर्वज तमिलनाडु में संत तिरुवल्लुवर की भूमि से थे।’’
मोदी ने कहा, ‘‘संत तिरुवल्लुवर ने एक बार कहा था कि मजबूत राष्ट्रों में छह गुण होने चाहिए – एक बहादुर सेना, देशभक्त नागरिक, प्रचुर संसाधन, अच्छे जनप्रतिनिधि, मजबूत रक्षा और निष्ठावान सहयोगी जो हमेशा उनके साथ खड़े हों।’’
इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर, उनके मंत्रिमंडल के सदस्य, संसद सदस्य और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।

इस पुरस्कार की घोषणा त्रिनिदाद एवं टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर ने बृहस्पतिवार को की, जिन्होंने मोदी की यात्रा को साझा गौरव और ऐतिहासिक संबंध का क्षण बताया।
वर्ष 1999 के बाद से किसी भारतीय प्रधानमंत्री की त्रिनिदाद एवं टोबैगो की यह पहली द्विपक्षीय यात्रा है।
मोदी घाना से यहां पहुंचे। एक दिन पहले घाना में मोदी को देश के राष्ट्रीय सम्मान ‘द ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ से सम्मानित किया गया।
त्रिनिदाद एवं टोबैगो संसद के संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुये प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच सदियों पुराने संबंध हैं।मैं इस प्रतिष्ठित सदन में आपसे बात करने वाला पहला भारतीय प्रधानमंत्री बनकर गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं: प्रधानमंत्री मोदी ने त्रिनिदाद और टोबैगो की संसद को संबोधित करते हुए कहा।
आज दोनों देश आधुनिक विश्व में गौरवशाली लोकतंत्र और सशक्त स्तंभ के रूप में खड़े हैं : प्रधानमंत्री मोदी ने त्रिनिदाद एवं टोबैगो की संसद को संबोधित करते हुए कहा।
हम आधुनिक भारत के निर्माण के लिए महिलाओं को सशक्त बना रहे हैं : प्रधानमंत्री मोदी ने त्रिनिदाद एवं टोबैगो की संसद को संबोधित करते हुए कहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने 5 देशों के दौरे के दूसरे पड़ाव पर गुरुवार को त्रिनिदाद एवं टोबैगो पहुंचे। पियारको इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनकी अगवानी त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला परसाद-बिसेसर ने की। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर के साथ शानदार स्वागत दिया गया। कई कैबिनेट मंत्रियों और सांसदों ने भी हवाई अड्डे पर उनकी आगवानी की। हवाई अड्डे पर भारतीय संस्कृति की झलक दिखी, जहां लोग भारतीय पौराणिक किरदारों की वेशभूषा में मौजूद थे। सांस्कृतिक प्रदर्शनों ने माहौल को और रंगीन बना दिया।


‘त्रिनिदाद और टोबैगो पहुंच गया हूं’
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ‘पोर्ट ऑफ स्पेन, त्रिनिदाद और टोबैगो पहुंच गया हूं। प्रधानमंत्री कमला परसाद-बिसेसर, कैबिनेट के सम्मानित सदस्यों और सांसदों का हवाई अड्डे पर स्वागत के लिए शुक्रिया। यह दौरा हमारे देशों के बीच रिश्तों को और मजबूत करेगा। कुछ घंटों बाद एक सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित करने का इंतजार है।’ होटल पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने ‘भारत माता की जय’ और ‘मोदी-मोदी’ के नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया

