जमशेदपुर में 26 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दौरा, जगन्नाथ मंदिर की आधारशिला और मेडिकल कॉलेज निरीक्षण के लिए चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था तैयार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर कल यानी 26 फ़रवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जमशेदपुर आगमन प्रस्तावित है. अपने दौरे के दौरान वे कदमा मरीन ड्राइव में बनने वाले जगन्नाथ मंदिर की आधारशिला रखेंगी. इसके अलावा वे टाटा मणिपाल मेडिकल कॉलेज का भी दौरा करेंगी. राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है.

उनके आगमन से पूर्व जमशेदपुर हवाई अड्डे से कदमा स्थित कार्यक्रम स्थल और वहां से मेडिकल कॉलेज होते हुए वापस हवाई अड्डे तक पूरे रूट पर बुधवार को मॉक ड्रिल किया गया. सुरक्षा व्यवस्था के तहत 6 आईपीएस अधिकारियों की निगरानी में लगभग 1500 जवान तैनात रहेंगे. इसके अलावा एनएसजी स्क्वाड, एसटीएफ टीम और पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी भी पूरे रूट और कार्यक्रम स्थल पर तैनात रहेंगे

बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति करीब चार घंटे तक शहर में रहेंगी. उनके दौरे को लेकर सभी सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. शहर में चाक- चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्यक्रम संपन्न कराने की तैयारी है.

