जनगणना 2027 की तैयारी: जामताड़ा में फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले में भारत की जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर बुधवार से फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। यह प्रशिक्षण 8 से 10 अप्रैल तक जिला पंचायत रिसोर्स सभागार में आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रतिभागियों को मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन) सहित जनगणना से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। इसमें डिजिटल एप्लिकेशन के उपयोग, सर्वेक्षण की विधि, डेटा संग्रहण की प्रक्रिया और फॉर्म भरने के तरीके पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर आगे गणनाकारों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। इससे जनगणना कार्य को अधिक व्यवस्थित, सटीक और प्रभावी ढंग से पूरा करने में मदद मिलेगी।
इस बार जनगणना को आधुनिक तकनीक के साथ पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में विभिन्न विभागों के अधिकारी, आईटी विशेषज्ञ और सांख्यिकी से जुड़े कर्मी मौजूद रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों को तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी।
प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से जनगणना 2027 का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न होगा।

