गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाशपर्व पर प्रभात फेरी का शुभारंभ, संगत ने भक्ति भाव से लिया हिस्सा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 556वें प्रकाशपर्व को समर्पित प्रभात फेरी का शुभारंभ शुक्रवार प्रातः साकची गुरु नानक नगर से किया गया। गुरु की महिमा का कीर्तन करते हुए प्रभात फेरी जैसे-जैसे गलियों से गुजरी, श्रद्धालु संगत भाव-विभोर होकर जुड़ती गई और पूरे क्षेत्र में “सतनाम श्री वाहेगुरु” के जयकारे गूंज उठे।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, साकची ने प्रकाशपर्व से पूर्व प्रतिदिन निकलने वाली प्रभात फेरियों का रूट चार्ट जारी किया। प्रधान सरदार निशान सिंह व पूर्व महामंत्री परमजीत सिंह काले ने बताया कि व्यवस्थाओं के संचालन हेतु उप-समिति का गठन किया गया है, जिसमें हरविंदर सिंह, प्रितपाल सिंह और सुरजीत सिंह छीते शामिल हैं।
प्रभात फेरी 1 से 4 नवंबर तक क्रमशः पुरानी काशीडीह, बगान एरिया, न्यू काशीडीह, बाराद्वारी, रिफ्यूजी कॉलोनी, सीतारामडेरा और ठाकुरबाड़ी रोड क्षेत्रों का भ्रमण करेगी। फेरी प्रतिदिन सुबह 3 बजे गुरुद्वारा साहिब से प्रस्थान करेगी।
कमेटी ने बताया कि प्रभात फेरी का उद्देश्य प्रकाशपर्व की सूचना देना ही नहीं, बल्कि गुरु नानक देव जी के उपदेशों को जन-जन तक पहुँचाना है। इच्छुक परिवार अपने घर पर प्रभात फेरी का स्वागत करने हेतु 8210248895 पर संपर्क कर सकते हैं।




