रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
जमशेदपुर के गैर-कंपनी इलाकों तथा मानगो नगर निगम क्षेत्र में लगातार हो रही घंटों की बिजली कटौती और बदहाल व्यवस्था को लेकर अब सियासी हलचल तेज हो गई है। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के निर्देश पर जनता दल (यूनाइटेड) का एक प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में झारखंड विद्युत वितरण लिमिटेड के महाप्रबंधक से मिला और मौजूदा हालात पर कड़ा विरोध जताया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पिछले कई दिनों से बिजली की आंख-मिचौनी ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। मजदूर प्रधान शहर होने के कारण दिनभर की कड़ी मेहनत के बाद घर लौटने वाले श्रमिकों को अंधेरे और गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में बिजली की अनियमित आपूर्ति से छात्रों की पढ़ाई बाधित हो रही है, वहीं बुजुर्गों और महिलाओं के लिए स्थिति और भी कष्टदायक बन गई है। बढ़ती परेशानी के बीच जनता में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। इस पर महाप्रबंधक ने आश्वासन दिया कि विभाग समस्या के समाधान को लेकर गंभीर है और जल्द ही सुधार के प्रयास किए जाएंगे। प्रतिनिधिमंडल के पहुंचते ही अधिकारियों के साथ आकस्मिक बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए और एक-दो दिनों में स्थिति सामान्य करने का भरोसा दिया गया। हालांकि, जनता दल (यू) ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि बिजली आपूर्ति में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो पार्टी जनआक्रोश को देखते हुए आंदोलन के लिए बाध्य होगी। प्रतिनिधिमंडल में नीरज सिंह, पप्पू सिंह, अमित शर्मा, बीर सिंह देवगम, तारक मुखर्जी, मनोज सिंह, उपेंद्र सिंह, मुकेश सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

