अश्विन हत्याकांड में फरार आरोपी पर कसा शिकंजा, पुलिस ने ढोल-नगाड़ों के साथ चिपकाया इश्तेहार, सरेंडर की अंतिम चेतावनी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित शेषनगर में 5 जुलाई 2023 को हुए चर्चित अश्विन हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी सतपाल सिंह उर्फ सोनी सिंह के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को गोविंदपुर पुलिस टीम ढोल-नगाड़ों के साथ गोलमुरी स्थित उसके आवास पहुंची और विधिवत तरीके से इश्तेहार चस्पा किया। इस दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों को भी पूरे मामले की जानकारी दी और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी में सहयोग की अपील की। इश्तेहार में स्पष्ट किया गया है कि सतपाल सिंह को 25 मई 2026 तक अदालत में आत्मसमर्पण करना होगा, अन्यथा निर्धारित तिथि के बाद उसके खिलाफ कुर्की-जब्ती की सख्त कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि 5 जुलाई 2023 को बाइक सवार अपराधियों ने अश्विन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिसमें छह राउंड गोलियां चलाई गईं और चार गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। आनन-फानन में उसे टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही आरोपी फरार है और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई है। अब इश्तेहार चस्पा होने के बाद आरोपी पर दबाव और बढ़ गया है तथा पुलिस की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

