करिम सिटी कॉलेज में शैक्षणिक उपलब्धि: “Pedagogy of Commerce” पुस्तक का लोकार्पण, शिक्षण पद्धति को मिलेगी नई दिशा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर स्थित करीम सिटी कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी के दौरान बी.एड. विभाग द्वारा तैयार की गई महत्वपूर्ण पुस्तक “Pedagogy of Commerce” का भव्य लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में उत्कृष्ट शैक्षणिक माहौल देखने को मिला, जहां विभिन्न विश्वविद्यालयों से आए शिक्षाविद, शोधार्थी एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमामय बना दिया। संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य वर्तमान शिक्षा प्रणाली में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पद्धतियों पर गहन विचार-विमर्श करना तथा विद्यार्थियों के लिए उपयोगी शैक्षणिक संसाधनों का विकास करना था, जिसमें इस पुस्तक का प्रकाशन एक बड़ी उपलब्धि के रूप में सामने आया। यह पुस्तक विशेष रूप से नए सिलेबस को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, जिसमें कोल्हान विश्वविद्यालय सहित झारखंड के अन्य विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रम को भी समाहित किया गया है। सरल, सहज और छात्र-केंद्रित भाषा में लिखी गई यह पुस्तक बी.एड. विद्यार्थियों को कॉमर्स विषय की शिक्षण पद्धति को आसानी से समझने में मदद करेगी। इसमें अध्यायवार महत्वपूर्ण प्रश्न, बहुविकल्पीय प्रश्न और परीक्षा के अनुरूप प्रश्न-पैटर्न को शामिल किया गया है, जो न केवल विश्वविद्यालय परीक्षाओं बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी सहायक सिद्ध होगा।
पुस्तक की रचना डॉ. सुचेता भुइयां एवं डॉ. दीपिका भारती द्वारा की गई है, जिनकी विषय विशेषज्ञता और वर्षों का शैक्षणिक अनुभव इस कृति को और अधिक उपयोगी बनाता है। संगोष्ठी में उपस्थित विद्वानों और शिक्षाविदों ने पुस्तक की सराहना करते हुए इसे बी.एड. विद्यार्थियों के लिए एक प्रभावी मार्गदर्शिका बताया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा में नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और आधुनिक पाठ्यक्रम की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया तथा अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।

