गुवा हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, नामजद आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र में घटित सनसनीखेज हत्या कांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार मृतक की पत्नी ने अपने पति की हत्या को लेकर गुवा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कांड संख्या 02/2026, दिनांक 12 जनवरी 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस के अनुसार गुवा थाना अंतर्गत ग्राम गंगदा टोला जोजोगुटू निवासी सपनी सोनसिया ने अपने पति गंगाधर सोंसिया की हत्या के संबंध में आवेदन दिया था, जिसमें ग्राम बेतरकिया, थाना गुवा निवासी तीलू पुरती (पिता—गंगाधर पुरती) को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किरीबुरू अजय केरकेट्टा के नेतृत्व में गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार द्वारा पुलिस पदाधिकारियों एवं सशस्त्र बल के साथ कांड की गहन छानबीन की गई। अनुसंधान के क्रम में प्राथमिक अभियुक्त तीलू पुरती को उसके घर ग्राम बेतरकिया से दो स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में विधिवत गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने अपराध को स्वीकार करते हुए स्वीकारोक्ति बयान भी दिया। इस छापामारी दल में एसडीपीओ अजय केरकेट्टा, गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार, अनुसंधानकर्ता ललन कुमार मंडल, गणेश शंकर गौड़, नेमलाल महतो, सतीश कुमार सिंह सहित चाईबासा एवं गुवा थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी रखने की बात कही है।

