ग्रीनफील्ड अपार्टमेंट में पुलिस की छापेमारी, चार महिलाएं हिरासत में
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रीनफील्ड अपार्टमेंट में शुक्रवार को पुलिस ने छापेमारी कर चार महिलाओं को हिरासत में लिया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह छापेमारी पटमदा डीएसपी वचनदेव कुजूर के नेतृत्व में की गई। छापेमारी के दौरान अपार्टमेंट से चार महिलाओं को हिरासत में लेकर उलीडीह थाना लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने पूरे मामले को संदिग्ध बताया है और विभिन्न बिंदुओं पर जांच जारी है।
बताया जा रहा है कि पुलिस को ग्रीनफील्ड अपार्टमेंट में बीते कुछ समय से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। इसी सूचना के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिलाएं यहां किस उद्देश्य से रह रही थीं और इनके संपर्क किन-किन लोगों से थे।
सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में मामला देह व्यापार से जुड़ा हो सकता है, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
उलीडीह थाना पुलिस ने बताया कि हिरासत में ली गई महिलाओं के मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलुओं की जांच कर रही है।

